समर्थन अभियानों का इस्तेमाल करने वाली AI धोखाधड़ी के खिलाफ बनी पॉलिसी की जांच-पड़ताल
23 जुलाई 2026
आज, बोर्ड विचार करने के लिए एक नए केस की घोषणा कर रहा है। इसके तहत, हम लोगों और संगठनों को, नीचे दिए गए बटन का उपयोग करके पब्लिक कमेंट सबमिट करने के लिए आमंत्रित करते हैं।
केस चयन
चूँकि हम हर अपील की सुनवाई नहीं कर सकते हैं, इसलिए बोर्ड उन केस को प्राथमिकता देता है, जो दुनिया भर के बहुत से यूज़र को प्रभावित करने की संभावना रखते हैं, जो सार्वजनिक चर्चा के लिए विशिष्ट महत्व रखते हैं या जो Meta की नीतियों के बारे में महत्वपूर्ण प्रश्न उठाते हैं।
आज हम जिस केस की घोषणा कर रहे हैं, वह है:
संभावित रूप से भ्रामक AI दान अभियान वीडियो
2026-044-FB-UA
यूज़र की अपील
नीचे दिए गए बटन का उपयोग करके, पब्लिक कमेंट सबमिट करें
बोर्ड ने एक ऐसे केस का चयन किया है, जिसमें एक ऐसे भिक्षु का AI-जनित वीडियो शामिल है, जो 'शांति के लिए पदयात्रा' का हिस्सा प्रतीत होता है और समर्थन की अपील कर रहा है, साथ ही सब्सक्रिप्शन-आधारित प्लेटफ़ॉर्म Patreon के एक पेज का लिंक दिया गया है। पोस्ट में भिक्षुओं को “हम” और “हमें” के रूप में वर्णित किया गया है, और पेज के परिचय में लिखा है, “आधिकारिक नहीं।” हाल के वर्षों में, सोशल मीडिया पर धोखाधड़ी एक वैश्विक समस्या बन गई है। यह केस बोर्ड को इस बात की जांच करने का अवसर देगा कि किस प्रकार हेरफेर किए गए मीडिया का उपयोग, संभावित रूप से भ्रामक दान अभियानों में किया जा सकता है।
'शांति के लिए पदयात्रा', बौद्ध भिक्षुओं द्वारा अक्टूबर 2025 से फ़रवरी 2026 तक आयोजित एक गैर-दलीय शांति मार्च था। भिक्षुओं ने “सभी जीवित प्राणियों के लिए सद्भाव और कल्याण” का संदेश फैलाने के लिए पूरे अमेरिका में पैदल यात्रा की।
जनवरी 2026 में, एक Facebook पेज पर, जिसके परिचय में “AI कथावाचक” भी लिखा है, एक बौद्ध भिक्षु का AI-जनित वीडियो पोस्ट किया गया, जो देखने में 'शांति के लिए पदयात्रा' का हिस्सा प्रतीत होता है। इस वीडियो में, वह अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना राज्य के स्वागत-सूचक बोर्ड के सामने खड़ा है और कहता है कि वहां “बेहद कड़ाके की ठंड” है और “कुछ ही मिनटों में हमारी अंगुलियां सुन्न हो रही हैं।” इसके बाद वह कहता है, “हम कदम-दर-कदम आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन आज का दिन कठिन है,” और लोगों से उनके “स्नेह, प्रेम और प्रार्थनाओं” की अपील करता है। वीडियो के कैप्शन में “इस यात्रा को शेयर करने और शांति को आगे बढ़ाने में मदद करने” के लिए समर्थन मांगा गया है, साथ ही “#WalkForPeace” और “#Compassion” हैशटैग और Patreon पेज का एक लिंक दिया गया है। जब कोई यूज़र बाहरी Patreon लिंक पर क्लिक करता है, तो जो Patreon पेज खुलता है, उसे “एक अनधिकारिक फ़ैन प्रोजेक्ट” के रूप में वर्णित किया गया है, जिसके साथ लिखा है “किसी भी प्रकार की वास्तविक संबद्धता नहीं है।” Patreon पेज, कंटेंट के लिए सशुल्क सब्सक्रिप्शन टियर प्रदान करता है। इस पोस्ट को 100,000 से अधिक देखा गया था।
तीन यूज़र ने इस कंटेंट की चार बार शिकायत की, और सभी ने बताया कि यह एक धोखाधड़ी है। एक मॉडरेटर ने पहली शिकायत को रिव्यू किया और तय किया कि यह कंटेंट Meta के कम्युनिटी स्टैंडर्ड का उल्लंघन नहीं करता, जिनमें धोखा, धोखाधड़ी और भ्रामक तरीकों संबंधी पॉलिसी भी शामिल है। दूसरी शिकायत के ऑटोमैटेड रिव्यू ने भी यही फ़ैसला दिया। तीसरे यूज़र की शिकायत के मानवीय और ऑटोमैटेड रिव्यू ने तय किया कि पोस्ट, किसी भी पॉलिसी का उल्लंघन नहीं कर रही थी। दूसरी शिकायत करने वाले यूज़र ने कंटेंट को प्लेटफ़ॉर्म पर बनाए रखने के Meta के फ़ैसले के विरुद्ध अपील की, लेकिन उस शिकायत को मानवीय रिव्यू के लिए प्राथमिकता नहीं दी गई। परिणामस्वरूप, कंटेंट Facebook पर बना रहा। इसके बाद, दूसरे शिकायतकर्ता ने Meta के फ़ैसले के विरुद्ध बोर्ड में अपील की।
बोर्ड में अपील करने वाले यूज़र ने कहा कि “यह खाता लोगों को यह विश्वास दिलाकर धोखा दे रहा है” कि दिखाया गया व्यक्ति “DC तक पैदल जा रहे कमज़ोर भिक्षुओं में से एक है,” और यह कि “Facebook के यूज़र, Patreon पर धन दान कर रहे हैं, यह सोचकर कि वह भिक्षुओं को उनकी 'शांति के लिए पदयात्रा' के लिए मिल रहा है,” जबकि “ऐसा नहीं है,” और “यह सब एक धोखाधड़ी है।”
Meta ने बोर्ड को बताया कि यह कंटेंट उसकी गलत जानकारी और धोखा, धोखाधड़ी, और कपटपूर्ण तरीकों संबंधी पॉलिसी का उल्लंघन नहीं करता। उसने कहा कि यह पोस्ट उस गलत जानकारी संबंधी पॉलिसी का उल्लंघन नहीं करती, जिसके अंतर्गत कंटेंट हटाया जाता है, क्योंकि इससे “आसन्न शारीरिक नुकसान” का जोखिम उत्पन्न नहीं होता और न ही यह लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के संचालन में हस्तक्षेप करती है। Meta ने इस पोस्ट पर हेरफेर किए गए मीडिया संबंधी सूचनात्मक लेबल भी नहीं लगाया, क्योंकि यह किसी “समय-संवेदनशील घटना, जैसे चुनाव या संकट,” से संबंधित नहीं थी, और इसलिए इसमें “तात्कालिकता का कोई संकेत” नहीं था, जो ऐसा लेबल लगाने के लिए कंपनी की आवश्यक शर्त है। उसने आगे कहा कि पोस्ट करने वाले यूज़र ने अपने प्रोफ़ाइल परिचय और लिंक किए गए Patreon खाते में, कंटेंट की कृत्रिम प्रकृति का स्पष्ट रूप से खुलासा किया है।
Meta ने यह भी पाया कि यह पोस्ट, उसकी धोखा, धोखाधड़ी और कपटपूर्ण तरीकों संबंधी पॉलिसी का उल्लंघन नहीं करती, क्योंकि यह कंटेंट, वित्तीय लाभ के लिए यूज़र को जान-बूझकर धोखा देने के मानदंडों को पूरा नहीं करता, जो कि पॉलिसी के अनुसार आवश्यक है। कृत्रिम पहचान संबंधी धोखाधड़ी के नियम “पोस्ट करने वाले की पहचान या अनुरोध की प्रकृति को गलत ढंग से प्रस्तुत करने” पर प्रतिबंध लगाते हैं। विशिष्ट प्रासंगिक नियमों के अनुसार, यह आवश्यक है कि कंटेंट, भुगतान संबंधी जानकारी के साथ तत्काल दान देने का अनुरोध करता हो, या किसी स्थापित व्यवसाय या संस्था का प्रतिनिधित्व करने का झूठा दावा करता हो। अन्य बातों के साथ, कंपनी ने यह उल्लेख किया कि अनुरोध तात्कालिक नहीं है, पोस्ट में धन का उल्लेख नहीं है, और न ही उसमें भुगतान संबंधी कोई विवरण दिया गया है। Meta ने Patreon वेबसाइट पर उपलब्ध उस जानकारी को भी रेखांकित किया, जिसमें आधिकारिक संबद्धता से इनकार किया गया है। कंपनी ने यह भी उल्लेख किया कि 'शांति के लिए पदयात्रा' कोई स्थापित व्यवसाय या संस्था नहीं थी। Meta ने यह भी रेखांकित किया कि पोस्ट करने वाले यूज़र ने यह दावा नहीं किया कि दिखाया गया व्यक्ति वास्तव में एक वास्तविक भिक्षु है, न ही यह कहा कि भेजा गया धन किसी वास्तविक भिक्षु के समर्थन में जाएगा, और न ही यह दावा किया कि उस खाते का 'शांति के लिए पदयात्रा' से कोई आधिकारिक संबंध है। इसके विपरीत, कंपनी का मानना था कि यूज़र ने प्रोफ़ाइल परिचय, वीडियो पेज और Patreon के लैंडिंग पेज पर कंटेंट की कृत्रिम प्रकृति और उसके रचनात्मक उद्देश्य का खुलासा किया है। कंपनी के लिए, यह कंटेंट, सब्सक्राइब करने का अनुरोध है “AI-वाचित कंटेंट के निरंतर निर्माण को – न कि झूठी संबद्धता या किसी अन्य प्रकार की भ्रामक प्रस्तुति के आधार पर धन-संग्रह की अपील है।”
बोर्ड ने इस केस का चयन इस बात की जांच करने के लिए किया कि Meta की कंटेंट पॉलिसी, यूज़र की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा करते हुए, अपने प्लेटफ़ॉर्मों पर संभावित धोखाधड़ी से किस प्रकार निपटती हैं, विशेष रूप से वर्तमान घटनाओं से संबंधित कंटेंट के संदर्भ में।
बोर्ड उन पब्लिक कमेंट की सराहना करेगा, जो इनसे संबंधित हों:
- संभावित रूप से भ्रामक दान अभियानों से निपटने में Meta की धोखाधड़ी संबंधी पॉलिसी की प्रभावशीलता।
- विभिन्न प्लेटफ़ॉर्मों पर धार्मिक, सामाजिक या परोपकारी उद्देश्यों से जुड़ी धोखाधड़ी की व्यापकता, वे सामान्यतः किस प्रकार संचालित की जाती हैं, और उनका यूज़र पर प्रभाव।
- ऑनलाइन धोखाधड़ी को बढ़ावा देने के लिए हेरफेर किए गए मीडिया का उपयोग।
- AI-जनित कंटेंट द्वारा संचालित धोखाधड़ी के प्रभावी नियंत्रण के लिए सर्वोत्तम तरीके और सुझाव।
अपने फ़ैसलों में बोर्ड, Meta को पॉलिसी संबंधी सुझाव जारी कर सकता है। हालांकि ये सुझाव गैर-बाध्यकारी हैं, फिर भी Meta को 60 दिनों के भीतर उन पर प्रतिक्रिया देनी चाहिए। इस प्रकार, बोर्ड इस केस के लिए प्रासंगिक सुझावों का प्रस्ताव करने वाली पब्लिक कमेंट का स्वागत करता है।
पब्लिक कमेंट
अगर आपको या आपके संगठन को लगता है कि आप अहम दृष्टिकोण में अपना योगदान दे सकते हैं, जो हमारी आज घोषित केस पर फ़ैसले तक पहुंचने में मदद कर सकता है, तो आप नीचे के बटन का उपयोग करके, अपना योगदान सबमिट कर सकते/सकती हैं। कृपया ध्यान दें कि पब्लिक कमेंट, बिना नाम बताए सबमिट की जा सकती हैं। पब्लिक कमेंट विंडो 14 दिनों के लिए खुली है, जो गुरुवार 6 अगस्त को प्रशांत मानक समय (PST) 23:59 बजे बंद होगी।
आगे क्या होगा
अगले कुछ हफ़्तों में, बोर्ड मेंबर इस केस पर विचार-विमर्श करेंगे। जब वे अपने निर्णय पर पहुंच जाएंगे, तो हम इसे निर्णय पेज पर पोस्ट करेंगे।