13 - 17 वर्ष की उम्र वालों के लिए चैटबॉट का संचालन: अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अन्य अधिकारों के साथ अनुरूपता का मूल्यांकन
5 मई 2026
ओवरसाइट बोर्ड, 13 से 17 वर्ष की उम्र वालों के लिए AI चैटबॉट के संचालन के लिए एक समग्र, मानवाधिकार-आधारित दृष्टिकोण पर इंडस्ट्री को मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए नया शोध कर रहा है। यह परिणामी श्वेत पत्र तैयार करने के लिए हितधारकों से सुझाव आमंत्रित कर रहा है। इस वर्ष, बोर्ड ने ऑनलाइन यूज़र, जिनमें युवा लोग भी शामिल हैं, को प्रभावित करने वाली सबसे कठिन चुनौतियों को लेकर पूरी इंडस्ट्री के लिए समाधानों पर अपने कार्य का विस्तार करने के अपने इरादे की घोषणा की थी। यह प्रोजेक्ट, युवा लोगों के अधिकारों और हितों के संबंध में बोर्ड की कार्यनीतिक प्राथमिकता का हिस्सा है।
AI चैटबॉट (जैसे, ChatGPT, Gemini, Claude) तेज़ी से एक प्राथमिक इंटरफ़ेस बनते जा रहे हैं, जिनके माध्यम से 13 से 17 वर्ष की उम्र वाले, जानकारी ऐक्सेस करते हैं, सीखते हैं, विचार बनाते हैं, मनोरंजन ऐक्सेस करते हैं और अपनी रचनात्मकता व्यक्त करते हैं। इसका संयुक्त राष्ट्र बाल अधिकार संधि में निहित अधिकारों की एक विस्तृत शृंखला पर गहरा प्रभाव पड़ता है, जिनमें जानकारी के ऐक्सेस का अधिकार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, निजता, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक जीवन में भागीदारी, और हिंसा तथा दुरुपयोग से संरक्षण शामिल हैं। हालांकि ये अधिकार परस्पर निर्भर और एक-दूसरे को सुदृढ़ करने वाले हैं, लेकिन इनमें टकराव भी हो सकता है।
जब से चैटबॉट व्यापक रूप से उपलब्ध हुए हैं, इस प्रौद्योगिकी से जुड़े अवसरों और संभावित नुकसानों पर शोध बढ़ रहा है। उभरती चिंताओं की प्रतिक्रिया में AI कंपनियों द्वारा किए गए उपाय तेजी से विकसित हो रहे हैं, लेकिन अक्सर युवा यूज़र के अधिकारों के संदर्भ के बिना। कुछ AI कंपनियों ने केवल वयस्कों के ऐक्सेस को सीमित करके प्रतिक्रिया दी है, बजाय इसके कि प्रोडक्ट और पॉलिसी में ऐसे बदलावों में निवेश किया जाए, जो युवा यूज़र के अधिकारों के सम्मान पर केंद्रित हों। बच्चों की विकसित होती क्षमताओं के साथ उनके अधिकारों का उचित सम्मान कैसे किया जाए, माता-पिता और अन्य देखभाल प्रदाताओं की भूमिका क्या होनी चाहिए, और वैश्विक स्तर पर बच्चों की स्थिति को कैसे ध्यान में रखा जाए, ये सभी ऐसे मुद्दे हैं, जिनसे कंपनियों को जूझना चाहिए।
बोर्ड इस चर्चा में, प्रौद्योगिकी क्षेत्र में अधिकार-आधारित और विस्तार-योग्य ऐसी पॉलिसी विकसित करने का अपना वैश्विक अनुभव लेकर आया है, जो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अन्य मानवाधिकारों के बीच मौजूद टकराव और तालमेल को संतुलित करती हैं। कंपनियों के लिए तैयार किया गया परिणामी पॉलिसी मार्गदर्शन, युवा यूज़र की सुरक्षा और जानकारी संबंधी आवश्यकताओं, दोनों के सम्मान को सुनिश्चित करने में मदद करेगा।
बोर्ड उन पब्लिक कमेंट की सराहना करेगा, जो इनको संबोधित करते हैं:
- AI चैटबॉट से संबंधित जोख़िम और अवसर, दुनिया के विभिन्न हिस्सों में 13 से 17 वर्ष की उम्र वालों के अधिकारों को कैसे प्रभावित करते हैं।
- नुकसान को कम करने के उपायों का प्रभाव और प्रभावशीलता, जैसे न्यूनतम आयु आवश्यकताएं, माता-पिता का नियंत्रण, संवाद और प्रॉम्प्ट पर आयु-आधारित प्रतिबंध, और डिफ़ॉल्ट खाता सेटिंग्स।
- कम-संसाधन वाली भाषाओं में LLM के प्रदर्शन पर शोध, विशेष रूप से उच्च-जोख़िम वाली बातचीत को समझने, संवेदनशील विषयों पर चर्चा करने, और सुरक्षा उपायों को प्रभावी रूप से लागू करने में।
- किशोरों द्वारा उपयोग किए जाने से जुड़े जोख़िमों से निपटने के लिए चैटबॉट के डिज़ाइन और तैनाती के सबसे अच्छे तरीके और अनुशंसित दृष्टिकोण।