बोर्ड द्वारा Meta से, ब्राज़ील, भारत से संबंधित केस में महिलाओं की सुरक्षा संबंधी कंटेंट की रक्षा करने का आह्वान
19 अगस्त 2026
ओवरसाइट बोर्ड ने भारत और ब्राज़ील में सार्वजनिक परिवहन के साधनों में यौन उत्पीड़न के वीडियो से जुड़े दो केस का आकलन करते हुए पाया है कि Meta को पॉलिसी संबंधी अपवादों का विस्तार करना चाहिए और जागरूकता बढ़ाने वाले कंटेंट के संबंध में रिव्यूअर के लिए अधिक स्पष्टता प्रदान करनी चाहिए। ये कार्रवाइयां खास तौर पर इसलिए महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि कथित रूप से जागरूकता बढ़ाने वाले कंटेंट के ज़रिये मुद्रीकरण और सहभागिता बढ़ाने के लिए लोगों को आकर्षित करने को लेकर चिंताएं हैं।
Meta को “क्रीपशॉट,” अनजान लोगों की सहमति के बिना ली गई उनकी तस्वीरों, के संबंध में बाहरी पॉलिसी और आंतरिक मार्गदर्शन के बीच के अंतर को पाटने की आवश्यकता है, ताकि रिव्यूअर जागरूकता बढ़ाने वाले कंटेंट को प्रभावी ढंग से मॉडरेट कर सकें।
बोर्ड ने पाया कि दोनों पोस्ट में से किसी ने भी Meta के कम्युनिटी स्टैंडर्ड का उल्लंघन नहीं किया, क्योंकि वे जागरूकता बढ़ाने वाले कंटेंट हैं, और यह कि उन्हें हटाना कंपनी की मानवाधिकार संबंधी जिम्मेदारियों के अनुरूप नहीं था। उन्हें अपवाद मिलने चाहिए थे।
बोर्ड का यह भी निष्कर्ष है कि दोनों पोस्ट को अन्य यूज़र के लिए सुझाव के लिए अनुपलब्ध बनाकर Meta इस बात की अनदेखी कर रहा है कि हितधारक, पक्ष-समर्थन के लिए उसके प्लेटफ़ॉर्म का किस प्रकार उपयोग करते हैं, जिसमें पॉलिसी-निर्माताओं और कानून-निर्माताओं तक पहुंचना भी शामिल है, और इससे संबंधित पॉलिसी संबंधी अपवादों के उद्देश्य को नुकसान पहुंचा रहा है।
यह महत्वपूर्ण क्यों है
2012 में 143 देशों में किए गए एक सर्वे में पाया गया कि दुनिया भर में हर पांच में से तीन महिलाएं, सार्वजनिक परिवहन के साधनों में यौन उत्पीड़न का अनुभव करती हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, महिलाओं के विरुद्ध हिंसा, विश्व स्तर पर “सबसे अधिक … अपर्याप्त रूप से ध्यान दिए गए मानवाधिकार संकटों” में से एक बनी हुई है। इस बीच, सोशल मीडिया, सामाजिक मुद्दों, विशेष रूप से लैंगिक आधार पर होने वाली हिंसा, के लिए पक्ष-समर्थन और जागरूकता बढ़ाने का एक शक्तिशाली माध्यम है, और यह पीड़ितों को अपने अनुभव साझा करने का अवसर देता है, जो कि उन स्थानों पर विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, जहां औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की प्रणालियों के प्रति अविश्वास है।
ये दोनों केस भारत और ब्राज़ील में सार्वजनिक परिवहन के साधनों में यौन उत्पीड़न को दर्शाते हैं, जहाँ सार्वजनिक परिवहन के साधनों में यौन हिंसा की पिछली घटनाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया है। इन केस के ज़रिये, बोर्ड उन परिस्थितियों में Meta की मॉडरेशन प्रक्रियाओं का आकलन कर रहा है, जब यूज़र का उद्देश्य यौन उत्पीड़न और लैंगिक आधार पर होने वाली हिंसा के बारे में जागरूकता बढ़ाना हो।
इस केस के बारे में
पहले केस में भारत के एक प्रमुख समाचार संगठन के नवंबर 2025 में प्रकाशित Facebook पेज पर पोस्ट किया गया लगभग एक मिनट लंबा वीडियो शामिल है, जिसमें एक ऐसी महिला एक बस में अपने बगल में बैठे एक पुरुष का वीडियो बना रही है, जिसकी पहचान नहीं की जा सकती। वह पुरुष, उस महिला की शर्ट के नीचे हाथ डालकर उसे गलत तरीके से छूने का प्रयास करता है और महिला मौखिक रूप से उसका विरोध करती है। कैप्शन, महिलाओं की सुरक्षा के बारे में जागरूकता बढ़ाता है।
एक यूज़र ने पोस्ट किए जाने वाले दिन ही इस कंटेंट की शिकायत की। मानवीय रिव्यूअर और पॉलिसी विषय विशेषज्ञों ने निर्धारित किया कि यह पोस्ट, वयस्कों का यौन शोषण संबंधी कम्युनिटी स्टैंडर्ड का उल्लंघन करती है और उन्होंने इसे हटा दिया।
दूसरे केस में ब्राज़ील का 18 सेकंड का एक वीडियो शामिल है, जिसे दिसंबर 2025 में Instagram पर पोस्ट किया गया था। वीडियो — जिसे बस में एक पुरुष के बगल में बैठी एक ऐसी महिला ने रिकॉर्ड किया था, जिसकी पहचान नहीं की जा सकती — में पुरुष को अपने कपड़ों से ढंके जननांगों को पकड़े हुए दिखाया गया है, जबकि वह अपने फ़ोन को देख रहा है। वीडियो पर ओवरले टेक्स्ट और कैप्शन, घटना का स्थान बताते हैं और महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक परिवहन के साधनों में उत्पीड़न को लेकर चिंता को उजागर करते हैं।
दो यूज़र ने पोस्ट किए जाने वाले दिन ही इस कंटेंट की शिकायत की। मानवीय रिव्यू के बाद, इसे “क्रीपशॉट” के कारण वयस्कों का यौन शोषण संबंधी पॉलिसी के तहत हटा दिया गया।
पोस्ट करने वाले यूज़र, संबंधित फ़ैसलों के खिलाफ अपनी अपील में सफल नहीं हो सके।
बोर्ड द्वारा इन केस का चयन किए जाने के बाद, Meta ने निर्धारित किया कि उसके प्रारंभिक फ़ैसले गलत थे और उसने दोनों पोस्ट को उम्र संबंधी प्रतिबंध और चेतावनी स्क्रीन के साथ रिस्टोर कर दिया।
मुख्य निष्कर्ष
बोर्ड का मानना है कि न तो भारत वाला केस और न ही ब्राज़ील वाला केस Meta के कम्युनिटी स्टैंडर्ड का उल्लंघन करता है, क्योंकि क्रमशः वे जागरूकता बढ़ाने और शरीर की बनावट संबंधी पॉलिसी संबंधी अपवादों (जो कि उस कंटेंट को अनुमति देता है, जिसमें कपड़ों या अन्य आवरणों के ज़रिये स्तनों, नितंबों या जननांगों की बनावट या आकार दिखाई देता है, बशर्ते कोई अन्य नग्नता दिखाई न दे) के अंतर्गत आते हैं। दोनों पोस्ट को उम्र संबंधी उचित प्रतिबंधों और चेतावनी स्क्रीन के साथ प्लेटफ़ॉर्म पर बने रहना चाहिए था। इन केस से एन्फ़ोर्समेंट की सटीकता को लेकर चिंताएं उत्पन्न होती हैं, विशेष रूप से यह देखते हुए कि दोनों कंटेंट का रिव्यू कई मानवीय रिव्यूअर ने किया था।
उस शोध को ध्यान में रखते हुए, जो सार्वजनिक रूप से हस्तमैथुन करने को एक यौन उत्पीड़न के रूप में देखता है, बोर्ड, Meta को प्रोत्साहित करता है कि वह वयस्कों का यौन शोषण संबंधी पॉलिसी में जागरूकता बढ़ाने वाले अपवाद के अंतर्गत यौन उत्पीड़न की अपनी परिभाषा का विस्तार करे और इसे “सहमति के बिना छूने” तक सीमित न रखकर यौन उत्पीड़न के अन्य रूपों को भी इसमें शामिल करे।
बोर्ड का मानना है कि कंटेंट के दोनों पीस को हटाना, Meta की मानवाधिकार संबंधी जिम्मेदारियों के अनुरूप नहीं था। दोनों पोस्ट जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य को पूरा करती थीं। किसी भी पोस्ट में पीड़ितों की पहचान उजागर नहीं की गई थी और दोनों में उनके कैप्शन में स्पष्ट संकेत थे कि उनका उद्देश्य यौन उत्पीड़न और हिंसा के बारे में जागरूकता बढ़ाना था। उम्र संबंधी प्रतिबंधों के साथ चेतावनी स्क्रीन वैध प्रतिबंध थे। चेतावनी स्क्रीन, यूज़र को हिंसा और सुरक्षा पर महत्वपूर्ण बातचीत करने की अनुमति देती हैं, साथ ही अन्य यूज़र को उस चर्चा की संभावित संवेदनशीलता के बारे में सचेत करती हैं। उम्र संबंधी प्रतिबंध, नाबालिगों को नुकसानदायक सामग्री से सुरक्षित रखता है।
“संवेदनशील के रूप में चिह्नित करें” चेतावनी स्क्रीन को गैर-सुझावयोग्य बनाने वाले कार्य के साथ जोड़ना, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर वैध प्रतिबंध नहीं था। बोर्ड चिंतित है कि दोनों पोस्ट को गैर-सुझावयोग्य बनाकर Meta अपने प्लेटफ़ॉर्म के पीड़ितों, समर्थकों और लक्षित दर्शकों, जिनमें कानून-निर्माता भी शामिल हैं, के लिए महत्व की अनदेखी कर रहा है — और अंततः संबंधित जागरूकता बढ़ाने वाले पॉलिसी संबंधी अपवाद के उद्देश्य को कमजोर कर रहा है।
वयस्क नग्नता और यौन गतिविधि संबंधी पॉलिसी के औचित्य में जागरूकता बढ़ाने वाले अपवाद के लिए स्पष्ट और व्यावहारिक मानदंड का अभाव है। इसे यूज़र और मॉडरेटर के लिए संहिताबद्ध किया जाना चाहिए। वयस्कों का यौन शोषण संबंधी पॉलिसी भी पर्याप्त रूप से स्पष्ट नहीं है। यह, जागरूकता बढ़ाने के लिए सहमति के बिना यौन स्पर्श को प्रदर्शित करने की अनुमति देती है, बशर्ते उसमें कोई “सनसनीखेज संदर्भ” न हो, लेकिन “सनसनीखेज संदर्भ” को परिभाषित नहीं करती।
बोर्ड, Meta की बाहरी पॉलिसी और ब्राज़ील केस में किए गए एन्फ़ोर्समेंट संबंधी फ़ैसले के बीच असंगति को लेकर भी चिंतित है। बोर्ड, Meta के इस निष्कर्ष से सहमत है कि कंटेंट ने वयस्कों का यौन शोषण संबंधी “क्रीपशॉट” पॉलिसी का उल्लंघन नहीं किया, क्योंकि इसका उद्देश्य फिल्माए गए व्यक्ति को अपमानित करना या उसका मज़ाक उड़ाना नहीं था। हालांकि, आंतरिक मार्गदर्शन में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि सार्वजनिक रूप से हस्तमैथुन करने को दर्शाने वाला ऐसा कोई भी कंटेंट, जिसमें किसी व्यक्ति का मज़ाक उड़ाया जाता है, उसे कामुक रूप में प्रस्तुत किया जाता है या उसकी पहचान उजागर की जाती है — जिसमें उस व्यवहार की निंदा करने के उद्देश्य वाला कंटेंट भी शामिल है — “क्रीपशॉट” पॉलिसी का उल्लंघन करता है, जिसका अर्थ है कि रिव्यूअर को उसे हटाना आवश्यक था। इसके साथ ही, सार्वजनिक रूप से उपलब्ध पॉलिसी का औचित्य “पीड़ितों को अपने अनुभव साझा करने” के महत्व को स्वीकार करता है। आंतरिक और बाहरी रूप से प्रस्तुत किए गए ये कारक एक-दूसरे के अनुरूप नहीं हैं और कंटेंट रिव्यूअर तथा यूज़र के लिए भ्रम पैदा करते हैं।
ओवरसाइट बोर्ड का फ़ैसला
बोर्ड ने कंटेंट को हटाने के Meta के फ़ैसले को बदल दिया; जिसे कि उम्र संबंधी उचित प्रतिबंध और चेतावनी स्क्रीन प्रतिबंधों के साथ बनाए रखा जाना चाहिए था। कंटेंट के किसी भी पीस को गैर-सुझावयोग्य नहीं बनाया जाना चाहिए था।
बोर्ड का सुझाव है कि Meta:
- वयस्कों का यौन शोषण संबंधी पॉलिसी के अपवाद की भाषा को “सहमति के बिना यौन स्पर्श को दर्शाने वाले कंटेंट” से बढ़ाकर “सहमति के बिना यौन स्पर्श और/या यौन हिंसा के अन्य रूपों को दर्शाने वाला कंटेंट” किया जाए।
- वयस्क नग्नता और यौन गतिविधि संबंधी पॉलिसी के अंतर्गत जागरूकता बढ़ाने के लिए एक अपवाद शामिल किया जाए, जिसके नतीजे वही हों, जो वयस्कों का यौन शोषण संबंधी पॉलिसी के अपवाद के अंतर्गत होते हैं, जिनमें उम्र संबंधी प्रतिबंध और चेतावनी स्क्रीन भी शामिल हैं।
- वयस्कों का यौन शोषण संबंधी कम्युनिटी स्टैंडर्ड की “क्रीपशॉट” पॉलिसी वाली पंक्ति के संबंध में अपने आंतरिक मार्गदर्शन और बाहरी भाषा को एकरूप किया जाए, ताकि यह स्पष्ट हो कि सार्वजनिक रूप से हस्तमैथुन करने के सभी चित्रण, पॉलिसी का उल्लंघन नहीं करते।
- “संवेदनशील के रूप में चिह्नित करें” चेतावनी स्क्रीन को गैर-सुझावयोग्य बनाने वाले एन्फ़ोर्समेंट एक्शन से अलग किया जाना चाहिए।
अधिक जानकारी
इस केस के लिए पब्लिक कमेंट पढ़ने के लिए, यहाँ क्लिक करें।