विश्व कप शुरू होने के साथ ही, इमोजी-आधारित नस्लवाद पर Meta की कार्रवाई का स्वागत है

जूली ओवोनो, ओवरसाइट बोर्ड मेंबर 

आज 2026 FIFA विश्व कप का उद्घाटन दिवस है, और अगले पांच सप्ताह भर के दौरान अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में मैचों के शुरू होने के साथ, यह उन सभी सकारात्मक चीज़ों का उत्सव मनाने का अवसर है, जो एक वैश्विक खेल आयोजन हमारे लिए कर सकता है – दुनिया को एक साथ लाना, ताकि व्यक्तिगत कौशल और टीमवर्क की सराहना की जा सके, मित्रों और परिवार सहित स्वस्थ प्रतिद्वंद्विताओं से जुड़ना, और देशों, संस्कृतियों तथा राष्ट्रीय पहचानों पर गर्व करना। 

लेकिन जब हम इस सुंदर खेल का उत्सव मना रहे हैं, तब हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि विश्व कप और अन्य प्रमुख खेल आयोजनों का एक बदसूरत पक्ष भी है: सोशल मीडिया पर नस्लवादी दुर्व्यवहार और नफ़रत फैलाने वाली भाषा, जो खिलाड़ियों, समर्थकों और अन्य यूज़र को निशाना बनाती है। घृणित संदेश पोस्ट करने वाले लोग जानते हैं कि वे जो कर रहे हैं, वह गलत है और नियमों के ख़िलाफ़ है, इसलिए वे कोडित भाषा या “एल्गोस्पीक” का इस्तेमाल करके एल्गोरिदम से बचने की कोशिश करते हैं, जिसमें नफ़रत फैलाने वाले तरीकों से इमोजी का इस्तेमाल करना शामिल है।  

10 फ़रवरी, 2026 को, ओवरसाइट बोर्ड ने Meta से आह्वान किया कि वह अपनी ऑटोमेटेड और मानवीय रिव्यू प्रोसेस में सुधार करे, ताकि नफ़रत फैलाने वाले संदेश व्यक्त करने के लिए इस्तेमाल किए जाने पर “एल्गोस्पीक” को व्यापक रूप से ध्यान में रखा जा सके। यह आह्वान उन दो केस के संदर्भ में किया गया था, जिनमें ऐसे कंटेंट का इस्तेमाल किया गया था, जिसमें बंदर की इमोजी का इस्तेमाल करके अश्वेत लोगों से उनकी तुलना की गई थी।  

इनमें से एक केस में, ब्राज़ील में एक यूज़र ने Facebook पर एक छोटा वीडियो पोस्ट किया, जिसमें फिल्म, द हैंगओवर का एक दृश्य दिखाया गया था, जिसमें दो पात्र, जिन्हें पुर्तगाली में डब किया गया था, एक बंदर पर मालिकाना हक का दावा कर रहे हैं। वीडियो पर ओवरले टेक्स्ट में उन पात्रों को स्पैनिश फ़ुटबॉल क्लब “बार्सिलोना” और “रियल मैड्रिड” का नाम दिया गया था। अतिरिक्त ओवरले टेक्स्ट, ब्राज़ीलियाई फ़ुटबॉल में उभर रहे लड़कों का संदर्भ दे रहा था। 

ब्राज़ीली पोस्ट, फुटबॉल में व्यापक रूप से दस्तावेज़ीकृत प्रणालीगत नस्लवाद और दुश्मनी, खासकर अश्वेत खिलाड़ियों को निशाना बनाने, के संदर्भ में की गई थी। उदाहरण के लिए, विनिसियस जूनियर, जो रियल मैड्रिड के एक खिलाड़ी हैं, कई नस्लवादी घटनाओं के शिकार रहे हैं, जिनमें उनकी तुलना बंदरों से करना भी शामिल है। नस्लवाद इस हद तक बढ़ गया है कि ब्राज़ील के रियो डी जेनेरो राज्य को 2023 में खेल आयोजनों के दौरान नस्लवाद से निपटने के लिए “विनिसियस जूनियर कानून” पारित करना पड़ा। 

लेकिन जब हम इस सुंदर खेल का उत्सव मना रहे हैं, तब हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि विश्व कप और अन्य प्रमुख खेल आयोजनों का एक बदसूरत पक्ष भी है।

यूरोप में स्टेडियमों और सोशल मीडिया में अश्वेत फ़ुटबॉल खिलाड़ियों के ख़िलाफ़ कई हाई-प्रोफ़ाइल घटनाओं की स्पेन, इटली, फ़्रांस और इंग्लैंड में व्यापक रूप से रिपोर्टिंग की गई है। खिलाड़ी, मैदान पर नस्लीय दुर्व्यवहार होते ही उसके प्रति शून्य-सहनशीलता का दृष्टिकोण अपना रहे हैं। विनिसियस जूनियर ने, रियल मैड्रिड के अपने साथी खिलाड़ी किलियन एम्बाप्पे के समर्थन के साथ, एक चैंपियन लीग मैच के दौरान विरोध प्रदर्शन स्वरूप, खेलने से इनकार कर दिया, और एसी मिलान के खिलाड़ी, टीम के गोलकीपर के ख़िलाफ़ नस्लवादी नारों के विरोध प्रदर्शन में, मैदान से बाहर चले गए।  

फिर भी, अध्ययनों में, मैचों के बाद दुर्व्यवहार की लगातार होने वाली घटनाओं को दर्ज किया गया है। इंग्लैंड और वेल्स में पेशेवर फ़ुटबॉलरों की ट्रेड यूनियन, पेशेवर फ़ुटबॉलरों के एसोसिएशन और डेटा साइंस कंपनी सिग्नीफ़ाई द्वारा किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि 2020 में कुछ खिलाड़ियों को भेजे गए ट्वीट में से 3000 से अधिक स्पष्ट रूप से अपमानजनक थे और इनमें से 56% नस्लवादी थे, और नस्लीय रूप से अपमानजनक पोस्ट में से 29% में इमोजी का इस्तेमाल किया गया था। यूरोपीय फ़ुटबॉल एसोसिएशन यूनियन (UEFA) की 2025 की एक रिपोर्ट में बताया गया कि UEFA क्लब फाइनल के आसपास अपमानजनक कंटेंट साझा करने के लिए Meta, TikTok और X को फ़्लैग की गई पोस्ट में से 33% को नस्लवादी के रूप में वर्गीकृत किया गया था। 

बोर्ड ने अपने फ़ैसले में Meta को तीन सुझाव दिए:  

  • प्रशिक्षण डेटा का ऑडिट और उसे अपडेट करे: बोर्ड ने सुझाव दिया कि Meta उस प्रशिक्षण डेटा का ऑडिट करे, जिसका इस्तेमाल कंपनी की, नफ़रत फैलाने वाले आचरण संबंधी पॉलिसी को लागू करने वाले ऑटोमेटेड सिस्टम द्वारा किया जाता है। हमने कहा कि Meta को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि डेटा को समय-समय पर अपडेट किया जाए, ताकि उसमें सभी भाषाओं में इमोजी वाले कंटेंट के उदाहरण, इमोजी के ऐसे इस्तेमाल, जो पॉलिसी का उल्लंघन करते हैं, और नफ़रत फैलाने वाले तरीके से इमोजी का इस्तेमाल किए जाने की घटनाएं शामिल हों। 
  • नफ़रत फैलाने वाले अभियानों को रोकने की कोशिशों में तालमेल बैठाए: हमने कहा कि Meta को नफ़रत फैलाने वाले आचरण तथा डराने-धमकाने और उत्पीड़न संबंधी पॉलिसी के अंतर्गत आने वाले, नफ़रत फैलाने वाले अभियानों को सक्रिय रूप से रोकने की मौजूदा कोशिशों को एक साथ लाना चाहिए, जिनमें, उदाहरण के लिए, लोगों पर ऐसे प्रत्यक्ष हमले शामिल हैं, जिनमें जानवरों के साथ अमानवीय तुलना की जाती है, और व्यक्तियों के सामूहिक उत्पीड़न से सुरक्षा शामिल है। इन पॉलिसी के बीच अधिक तालमेल, उन लोगों की बेहतर सुरक्षा करेगा, जिनका सीधे तौर पर नाम नहीं लिया जाता, लेकिन जो नफ़रत फैलाने वाले अभियानों का निहित निशाना होते हैं, जैसे कि शीर्ष खिलाड़ी और Meta के प्लेटफ़ॉर्म के अन्य यूज़र। 
  • प्रमुख खेल आयोजनों के दौरान कंटेंट की सक्रिय निगरानी करे: हमने सुझाव दिया कि Meta की मौजूदा समय-संवेदी रोकथाम और एन्फ़ोर्समेंट कोशिशों में, ऐसे इमोजी वाले कंटेंट की सक्रिय निगरानी शामिल हो, जो FIFA विश्व कप या ओलंपिक जैसे प्रमुख खेल आयोजनों से ठीक पहले, उनके दौरान और बाद में, भेदभाव को बढ़ावा देता है। 

Meta को बोर्ड के सुझावों पर 60 दिनों के भीतर सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया देना ज़रूरी है, और हम यह देखकर प्रोत्साहित होते हैं कि कंपनी ने कहा है कि वह तीन में से दो सुझावों को पूरी तरह से लागू कर रही है – प्रशिक्षण डेटा का ऑडिट और उसे अपडेट करना और प्रमुख खेल आयोजनों के दौरान नफ़रत फैलाने वाले इमोजी-आधारित कंटेंट की सक्रिय निगरानी करना। 

प्रशिक्षण डेटा के संबंध में, Meta का कहना है कि नफ़रत फैलाने वाले आचरण संबंधी पॉलिसी के उल्लंघनों का पता लगाने के लिए एल्गोरिदम को प्रशिक्षित करने में इस्तेमाल किए जाने वाले डेटा में विभिन्न भाषाओं में इमोजी शामिल हैं, जिनमें इमोजी के नफ़रत फैलाने वाले इस्तेमाल के उदाहरण भी शामिल हैं। कंपनी का कहना है कि वह प्रशिक्षण डेटा को दैनिक आधार पर अपडेट करती है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह “वर्तमान और व्यापक” बना रहे। कंपनी का कहना है कि वह विश्व कप जैसे आयोजनों के दौरान, पॉलिसी का उल्लंघन करने वाले कंटेंट, जिसमें इमोजी वाला कंटेंट भी शामिल है, को यूज़र तक पहुंचने से रोकने के लिए लक्षित उपाय करेगी। Meta ने बोर्ड को भविष्य में एक गोपनीय अपडेट के ज़रिए] क्लासिफ़ायर ट्रेनिंग डेटा से जुड़ी जानकारी शेयर करने का भी वादा किया है। 

कंपनी, हाई-प्रोफ़ाइल खेल आयोजनों के दौरान नफ़रत फैलाने वाले कंटेंट के लिए प्लेटफ़ॉर्म की सक्रिय रूप से निगरानी करने के हमारे सुझाव को भी पूरी तरह से लागू कर रही है। अपनी प्रतिक्रिया में, Meta का कहना है कि वह विश्व कप जैसे प्रमुख खेल आयोजनों के दौरान नुकसान को कम करने और नियंत्रित करने के लिए समय-संवेदी कोशिशों का नियमित रूप से समर्थन करती है। इन उपायों में, खिलाड़ियों, महासंघों और प्रमुख प्रतिभागियों के वास्तविक खातों की पहचान करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समर्पित कार्य समूह शामिल हैं। 

जहां तक सामूहिक उत्पीड़न अभियानों को रोकने की मौजूदा कोशिशों में तालमेल बैठाने संबंधी हमारे सुझाव का प्रश्न है, Meta का कहना है कि डराने-धमकाने और उत्पीड़न तथा नफ़रत फैलाने वाले आचरण संबंधी कम्युनिटी स्टैंडर्ड के अंतर्गत एन्फ़ोर्समेंट एक्शन के ज़रिए कंपनी यह कार्य पहले से ही कर रही है। हमारे हिसाब से, इन पॉलिसी के बीच तालमेल की कमी उन व्यक्तियों के लिए एक एन्फ़ोर्समेंट गैप छोड़ देती है, जो नफ़रत फैलाने वाले अभियानों के निशाने पर होते हैं, लेकिन पोस्ट में जिनका नाम स्पष्ट रूप से नहीं लिया जाता। ऐसे केस में, Meta नफ़रत फैलाने वाली भाषा संबंधी नियमों का पालन करती है, लेकिन हमारा मानना है कि ये अपने आप में पर्याप्त नहीं हैं, और यही कारण है कि हमने दोनों पॉलिसी में तालमेल बैठाने का सुझाव दिया था। Meta के समाधान उस स्तर तक नहीं पहुंचते, बोर्ड ने इस सुझाव के माध्यम से जिसकी अपेक्षा की थी। 

फ़ैसले में दिए गए तीन सुझावों में से दो को लागू करना, खेल आयोजनों के संदर्भ में ऑनलाइन नस्लवाद से लड़ने के लिए Meta की कार्रवाइयां स्वागतयोग्य और आवश्यक कदम हैं। ओवरसाइट बोर्ड, सोशल मीडिया पर नस्लवाद-विरोधी नियमों और बड़े मैचों के दौरान दिखाई देने वाली दुर्भाग्यपूर्ण वास्तविकता के बीच मौजूद अंतर को उजागर करना जारी रखेगा, क्योंकि इस नुकसानदायक और बढ़ती हुई समस्या का सामना करने के लिए हम सभी को अभी बहुत कुछ करना बाकी है। 

Return to Blogs