स्वतंत्र अभिव्यक्ति को कायम रखने के लिए, गर्भावस्था में दी जाने वाली दवाओं से संबंधित कंटेंट के बारे में अपवादों को स्पष्ट किया जाना

प्रसव के दौरान प्रिस्क्रिप्शन पर दी जाने वाली फ़ेंटानिल से जुड़े अपने अनुभव का वर्णन करने वाली एक महिला के Instagram वीडियो को रिस्टोर करते हुए, ओवरसाइट बोर्ड का सुझाव है कि Meta, अवैध नशीले पदार्थों से संबंधित मौजूदा पॉलिसी में चिकित्सीय अपवादों का सही एन्फ़ोर्समेंट सुनिश्चित करने, और गर्भावस्था और मातृ स्वास्थ्य संबंधी जानकारी शेयर करने से जुड़े स्वतंत्र अभिव्यक्ति अधिकारों को और अधिक संरक्षण प्रदान करने के लिए कदम उठाए।

यह महत्वपूर्ण क्यों है

दुनियाभर में गर्भावस्था और मातृ स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन और साथियों का सहयोग चाहने वाले लोगों के लिए, सोशल मीडिया, जानकारी का एक महत्वपूर्ण स्रोत है, जिसमें प्रिस्क्रिप्शन पर दी जाने वाली दवाओं से जुड़े अपने अनुभव साझा करना भी शामिल है। नशीले पदार्थों से संबंधित मातृ स्वास्थ्य पर कंटेंट के बारे में Meta के कम्युनिटी स्टैंडर्ड का अति-एन्फ़ोर्समेंट, एक व्यापक रूप से दस्तावेज़ीकृत समस्या है, जो नेक इरादे से किए गए व्यक्तिगत अनुभवों के वर्णन और मातृ स्वास्थ्य पर दी जाने वाली सलाह को दबाता है। दूसरी ओर, दुनियाभर में नशीले पदार्थों के सेवन और उनकी तस्करी में व्यापक वृद्धि हुई है। अमेरिका में, जहां से यह केस आया है, ओपिऑइड के दुरुपयोग का संकट व्याप्त है। देश में नशीले पदार्थों के ओवरडोज़ से होने वाली मौतों का प्रमुख कारण अवैध फ़ेंटानिल का सेवन है और अवैध नशीले पदार्थों से संबंधित कंटेंट का मॉडरेशन, विभिन्न प्लेटफ़ॉर्म के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है।

इस केस के बारे में

फ़रवरी 2026 में, Instagram की एक यूज़र ने 20 सेकंड का एक वीडियो और उसके साथ एक कैप्शन पोस्ट किया, जिसमें उसने अपनी गर्भावस्था के दौरान मतली और उल्टी के उपचार के लिए इस्तेमाल की गई कई प्रकार की प्रिस्क्रिप्शन दवाओं से हुए दुष्प्रभावों का वर्णन किया। उन्होंने दर्द से राहत देने वाली दवाइयों से हुए अनुभव का भी वर्णन किया, जिनमें फ़ेंटानिल भी शामिल थी, जो प्रसव के दौरान चिकित्सीय रूप से दी गई थी। उस पोस्ट में, उन्होंने कहा कि फ़ेंटानिल अब “मेरी कभी न लेने की सूची” में है, क्योंकि उस दवा ने उन्हें भ्रमित कर दिया था। इस वीडियो में मीम और फिल्मों के छोटे-छोटे हास्यपूर्ण क्लिप दिखाए गए हैं, जो यह दर्शाते हैं कि गर्भावस्था के दौरान हर दवाई का उन पर किस प्रकार प्रभाव पड़ा।

ऑटोमैटिक रूप से की गई पहचान और कई अलग-अलग मानवीय रिव्यू के बाद, Meta ने पोस्ट को प्रतिबंधित वस्तुओं और सेवाओं संबंधी अपनी उस पॉलिसी के अंतर्गत हटा दिया, जो उस कंटेंट को प्रतिबंधित करती है, जिसमें “उच्च जोखिम वाली दवाओं” के व्यक्तिगत सेवन की बात स्वीकार की जाती है, जिनमें फ़ेंटानिल भी शामिल है, जब तक कि उस कंटेंट में दवा के सेवन से छुटकारा पाने के लिए उपचार कराने या अन्य प्रकार की सहायता लेने की स्वीकारोक्ति या संदर्भ न हो। इसके अतिरिक्त, Meta ने यूज़र के खाते पर एक स्ट्राइक लगाई और समय-आधारित फ़ीचर-सीमा लागू की।

यूज़र ने Meta के फ़ैसले के खिलाफ़ बोर्ड के समक्ष अपील की। जब बोर्ड ने Meta का ध्यान इस केस की ओर आकर्षित किया, तो कंपनी ने यह निर्धारित किया कि पोस्ट को हटाने का फ़ैसला एक गलती था, और यह भी माना कि प्रतिबंधित वस्तुओं और सेवाओं संबंधी पॉलिसी, प्रिस्क्रिप्शन दवाओं के उपयोग को स्वीकार करने के लिए अपवाद की अनुमति देती है, और फ़ेंटानिल भी ऐसी ही एक दवा हो सकती है। Meta ने पोस्ट को रिस्टोर कर दिया और यूज़र के खाते पर लगाई गई स्ट्राइक को वापस ले लिया, लेकिन यह पोस्ट अभी भी केवल वयस्कों के लिए सीमित है और सुझाव के लिए अयोग्य है।

मुख्य निष्कर्ष

बोर्ड का मानना है कि इस केस में वीडियो ने प्रतिबंधित वस्तुओं और सेवाओं संबंधी पॉलिसी का उल्लंघन नहीं किया, क्योंकि फ़ेंटानिल का संदर्भ, चिकित्सीय संदर्भ में प्रिस्क्रिप्शन दवाओं के बारे में पोस्ट करने से संबंधित पॉलिसी संबंधी अपवादों के अंतर्गत आता है। हालांकि इस पॉलिसी के अंतर्गत फ़ेंटानिल को “उच्च जोखिम वाली” दवा के रूप में सूचीबद्ध किया गया है और अवैध संदर्भ में फ़ेंटानिल का उल्लेख करने वाली पोस्ट हटाई जा सकती हैं, लेकिन जब यह दवा प्रिस्क्रिप्शन पर दी जाती है, तब इसके चिकित्सीय गुणों पर चर्चा करने की अनुमति है।

बोर्ड का यह भी मानना है कि इस केस में कंटेंट को 18 वर्ष से अधिक की आयु के यूज़र तक सीमित करना और उसे सुझाव के लिए अयोग्य बनाना, Meta के मानवाधिकार संबंधी दायित्वों, विशेष रूप से, नाबालिगों सहित विभिन्न यूज़र के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त करने और उसे जानने की स्वतंत्रता के अनुरूप नहीं है।

यह केस प्रतिबंधित वस्तुओं और सेवाओं संबंधी पॉलिसी को लागू करने में सटीकता को लेकर गंभीर चिंताएं उत्पन्न करता है और इस बात को बोर्ड पिछले कई केस में भी बार-बार उठा चुका है। कई मानवीय रिव्यूअर ने कंटेंट का मूल्यांकन किया, लेकिन वे सही निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सके। बोर्ड का मानना है कि मानवीय रिव्यूअर, व्यापक संदर्भ को पूरी तरह ध्यान में रखे बिना, पॉलिसी की अत्यधिक कठोर व्याख्या कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, यह चिंता भी है कि रिव्यूअर जिन दिशा-निर्देशों का पालन कर रहे हैं, वे संदर्भ के आधार पर सही फ़ैसले लेने के लिए पर्याप्त रूप से स्पष्ट नहीं हैं।

बोर्ड, उन प्रभावों को लेकर भी चिंतित है, जो खाते पर गलत तरीके से लगाए गए प्रतिबंधों के कारण उन व्यक्तियों और संगठनों पर पड़ सकते हैं, जो दुनिया भर में सोशल मीडिया पर, प्रजनन स्वास्थ्य और मातृ स्वास्थ्य संबंधी सलाह देते हैं। बोर्ड ने Meta से अनुरोध किया है कि वह प्रजनन स्वास्थ्य और मातृ स्वास्थ्य से जुड़े वैश्विक संगठनों को उस संवेदनशील इकाई सेकंडरी रिव्यू सिस्टम में शामिल करे, जो वर्तमान में पत्रकारों, अधिकार रक्षकों और असहमति व्यक्त करने वालों को अतिरिक्त संरक्षण प्रदान करता है। वह Meta से यह भी आग्रह करता है कि वह एक वैश्विक ऑडिट करे, ताकि यह निर्धारित किया जा सके कि प्रतिबंधित वस्तुओं और सेवाओं संबंधी पॉलिसी के एन्फ़ोर्समेंट के कारण, मातृ स्वास्थ्य संबंधी कंटेंट को किस हद तक अनुपातहीन रूप से हटाया जा रहा है।

ओवरसाइट बोर्ड का फ़ैसला

बोर्ड ने कंटेंट को हटाने के, Meta के मूल फ़ैसले को बदल दिया। इस कंटेंट को आयु-आधारित प्रतिबंध लगाए बिना प्लेटफ़ॉर्म पर बने रहने देना चाहिए था और इसे सुझाव के अयोग्य भी नहीं बनाया जाना चाहिए था।

बोर्ड का सुझाव है कि Meta:

  • प्रतिबंधित वस्तुओं और सेवाओं संबंधी कम्युनिटी स्टैंडर्ड को स्पष्ट किया जाए, ताकि यह साफ़ तौर पर कहा जा सके कि चिकित्सीय पेशेवरों द्वारा दी गई किसी दवा – जिसमें वे पदार्थ भी शामिल हैं, जिन्हें अन्यथा उच्च जोखिम वाला घोषित किया गया है – के व्यक्तिगत सेवन को स्वीकार करने वाले वक्तव्यों पर भी प्रिस्क्रिप्शन वाली दवाओं से संबंधित छूट लागू होती है।
  • प्रतिबंधित वस्तुओं और सेवाओं संबंधी पॉलिसी के आंतरिक मार्गदर्शन और बाहरी भाषा में एकरूपता लाई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उच्च जोखिम वाली दवाओं के सेवन को स्वीकार करना, सभी केस में पॉलिसी का उल्लंघन नहीं है, जब ऐसी दवाएँ, जैसे कि फ़ेंटानिल, औषधीय रूप में भी उपलब्ध हों। Meta को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि इन पॉलिसी की सामग्री में इस बात पर लगातार ज़ोर दिया जाए कि किसी दवा के जिस रूप की चर्चा हो रही है, उसका निर्धारण करने में चिकित्सीय संदर्भ क्या है, और यह भी कि आंतरिक मार्गदर्शन के संबंध में रिव्यूअर को विभिन्न प्रकार की दवाओं के बीच अंतर करते समय चिकित्सीय संदर्भ पर विचार करने का अधिकार दिया जाए। आंतरिक मार्गदर्शन में यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए कि कौन-से संकेत यह दर्शाते हैं कि कंटेंट चिकित्सीय संदर्भ में है।
  • यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रजनन स्वास्थ्य और मातृ स्वास्थ्य से जुड़े संगठनों को संवेदनशील इकाई सेकंडरी रिव्यू सिस्टम में मानवाधिकारों के आधार पर संरक्षण प्राप्त करने वाली व्यापक संस्थाओं की श्रेणी के अंतर्गत पंजीकरण के लिए पात्र माना जाए।
  • प्रतिबंधित वस्तुओं और सेवाओं संबंधी कम्युनिटी स्टैंडर्ड के उस कंटेंट पर एन्फ़ोर्समेंट का वैश्विक स्तर पर ऑडिट किया जाए, जिसमें दवाओं के चिकित्सीय उपयोग पर चर्चा की गई हो, और इस ऑडिट में क्षेत्र, देश या भाषा के आधार पर वर्गीकृत त्रुटि दरें प्रकाशित की जाएं और यह आकलन किया जाए कि क्या इन त्रुटियों का अनुपातहीन रूप से अधिक प्रभाव प्रजनन स्वास्थ्य, मातृ स्वास्थ्य और महिलाओं के स्वास्थ्य से संबंधित कंटेंट पर पड़ता है। इस ऑडिट में यह भी आकलन किया जाना चाहिए कि इस स्टैंडर्ड के अंतर्गत 18 वर्ष और उससे अधिक की उम्र की अनिवार्यता वाला प्रतिबंध, 18 वर्ष से कम की उम्र के यूज़र की, उनके लिए प्रासंगिक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी तक पहुंचने की क्षमता को किस प्रकार प्रभावित करता है।

अधिक जानकारी

इस केस के लिए पब्लिक कमेंट पढ़ने के लिए, यहाँ क्लिक करें।

Return to Blogs